श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में तीन दिन से घर से लापता 25 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि गुरुवार रात को एक महिला युवक को मृत अवस्था में सादुलशहर के सरकारी हॉस्पिटल के गेट पर छोड़कर फरार हो गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण हॉस्पिटल पहुंचे। सुबह से हॉस्पिटल में परिजन धरने पर बैठे हुए हैं। परिजनों का आरोप है- मृतक युवक सन्नी (25) निवासी वार्ड नं-9 सादुलशहर, की हत्या की गई है। युवक सादुलशहर की धानमंडी में मजदूरी करता था। परिजनों में मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने बताया कि युवक पिछले तीन दिनों से घर से गायब था। अचानक हॉस्पिटल में उसकी लाश मिलने से उन्हें शक है कि युवक की हत्या कर दी गई है। परिजनों का कहना है कि युवक एक महिला के साथ रिलेशनशिप में रहता था। महिला व युवक मिलकर नशा बेचते थे और युवक भी नशे का आदी था। पुलिस हॉस्पिटल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। महिला की पहचान और उसकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि शव की पहचान हो चुकी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


