बरेली महाजन अस्पताल में संदिग्ध मौत:दो हफ्तों में दूसरी घटना, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

बरेली महाजन अस्पताल में संदिग्ध मौत:दो हफ्तों में दूसरी घटना, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

बरेली के स्टेडियम रोड स्थित महाजन अस्पताल एक बार फिर विवादों में है। पहले यहां छेड़छाड़ प्रकरण सामने आया था और अब एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फरिदपुर निवासी महेंद्र पाल को सड़क हादसे में घायल होने के बाद 17 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि 28 फरवरी तक उन्हें मरीज की हालत ‘सामान्य और स्थिर’ बताई जाती रही और डिस्चार्ज की तैयारी भी हो चुकी थी। परिवार का कहना है कि अतिरिक्त रात रुकने के फैसले के बाद देर रात ड्यूटी स्टाफ ने डॉक्टर के निर्देश पर मरीज के हाथ बांध दिए और नाक में नली डालने की प्रक्रिया की। इस दौरान कथित लापरवाही के कारण महेंद्र पाल की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। अस्पताल ने मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर बारादरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि परिवार की ओर से तहरीर मिली है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इसी अस्पताल में दो सप्ताह पहले आईसीयू के बाहर सो रही एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला भी सामने आया था। उस घटना में सुरक्षा गार्ड के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी और जांच अभी चल रही है। अस्पताल संचालक राजेश कुमार महाजन ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि इलाज तय मानकों के अनुसार किया गया था और मरीज पहले से ही गंभीर स्थिति में था। महाजन ने भारी बिल वसूली के आरोपों को भी खारिज करते हुए पारदर्शी बिलिंग का दावा किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *