नीमच सिटी थाना क्षेत्र की जवासा चौकी इलाके में सोमवार सुबह एक खेत में 25 वर्षीय युवती का संदिग्ध शव मिला। युवती के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। यह घटना जवासा-सावन रोड पर हुई। किसान प्रभुलाल माली सुबह अपने खेत पर काम करने पहुंचे तो उन्होंने युवती का शव खुले मैदान में देखा। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। सूचना पर जवासा चौकी प्रभारी असलम पठान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा बनाया और शव को जिला चिकित्सालय भेजा। नीमच सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। मृतका की पहचान ग्राम चलदू निवासी 25 वर्षीय फूल कुंवर पुत्री कालू सिंह राजपूत के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि फूल कुंवर पिछले चार-पांच महीनों से अपनी मां श्यामकुंवर के साथ धार्मिक स्थल भादवामाता में रह रही थी। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर इधर-उधर घूमती रहती थी। पुलिस को हादसे की आशंका शव संदिग्ध हालत में मिलने के कारण पुलिस हत्या या किसी अन्य हादसे या अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जवासा चौकी प्रभारी असलम पठान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरू कर दी है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।


