सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी, टीम इंडिया ने U19 वर्ल्डकप के फाइनल में खड़ा किया सबसे बड़ा स्कोर

सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी, टीम इंडिया ने U19 वर्ल्डकप के फाइनल में खड़ा किया सबसे बड़ा स्कोर

U19 World Cup 2026, IND vs ENG Final: अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है, जहां भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411 रन बनाए हैं। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास के फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है। इस पारी में वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए।

म्हात्रे ने जड़ा अर्धशतक

इस मुकाबले में कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा अभिज्ञान कुंडू ने 40 रन, विहान मल्होत्रा ने 30 रन और वेदांत त्रिवेदी ने 32 रन बनाए। आपको बता दें कि भारतीय टीम यह 11वां फाइनल खेल रही है। इससे पहले वह पांच बार खिताब जीत चुकी है और पांच ही बार फाइनल में हार का सामना कर चुकी है। वहीं दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम अपना तीसरा फाइनल खेल रही है। इससे पहले वह एक फाइनल जीत चुकी है और एक फाइनल में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

इस मुकाबले की बात करें तो आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एरॉन जॉर्ज सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को 17 ओवर में ही 150 के पार पहुंचा दिया। म्हात्रे 53 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 51 गेंदों का सामना किया, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे।

वर्ल्डकप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर

इसके बाद सूर्यवंशी का साथ देने आए वेदांत त्रिवेदी ने 32 रन बनाए, जबकि विहान मल्होत्रा ने 30 रन जोड़े। इस दौरान सूर्यवंशी ने सिर्फ 55 गेंदों में शतक ठोक इतिहास रच दिया। उन्होंने 80 गेंदों में 175 रनों की पारी खेली, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने उन्मुक्त चंद के 111 रन के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने 3 विकेट चटकाए, तो एलेक्स ग्रीन और सेबेस्टीन मॉर्गन ने 2-2 विकेट हासिल किए। आपको बता दें कि इससे पहले आज तक किसी भी टीम ने वर्ल्ड कप के इतिहास में 311 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा नहीं किया है। वहीं भारतीय टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीसरी बार 400 प्लस का स्कोर बनाया है। इससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर 253 रन का था, जो ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ साल 2024 में बनाकर खिताब जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *