हरियाणा के नारनौल में सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने अपनी टीम के साथ जिला की विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों का दौरा किया। इस टीम में निरीक्षक रवि कुमार, कुलदीप शर्मा और शुभम भी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान टीम ने देवेंद्र गैस एजेंसी, इन्फैंट्री गैस सर्विस, कृष्णा गैस एजेंसी और शहीद लाल सिंह गैस सर्विस का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं को समझाया कि विभाग होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है, इसलिए वे पैनिक न हों। उन्होंने कहा कि गोदाम से डिलीवरी लेने पर उपभोक्ता केवल निर्धारित राशि 896 रुपये ही दें। गोदाम से दे सकते डिलीवरी उन्होंने एजेंसी संचालकों को हिदायत दी गई कि वे उपभोक्ताओं को उनके घर पर ही गैस पहुंचाएं और केवल आपातकालीन स्थिति में ही गोदाम से डिलीवरी दें। साथ ही, सभी एजेंसियों को प्रतिदिन का रूट चार्ट चस्पा करने के निर्देश दिए गए ताकि ग्रामीणों को पता रहे कि उनके क्षेत्र में गाड़ी किस दिन आएगी। कोई कमी नहीं डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने जिला के नागरिकों को आश्वस्त किया है कि जिला में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी लगातार फील्ड में निगरानी रख रहे हैं ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अफवाहों पर ध्यान न दें
उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग न करें। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि कोई इसमें संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्टॉक उपलब्ध
उन्होंने बताया कि जिला की विभिन्न गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में पर्याप्त मात्रा में गैस का स्टॉक उपलब्ध है। 25 मार्च को जिला की 21 प्रमुख गैस एजेंसियों के पास कुल 9482 सिलेंडर का स्टॉक मौजूद था, जिसमें से उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार 5453 सिलेंडरों की डिलीवरी सुनिश्चित की गई है। वर्तमान में भी जिला में लगभग 4029 सिलेंडरों का क्लोजिंग बैलेंस उपलब्ध है।


