मिल्कीपुर में बिजली व्यवस्था का औचक निरीक्षण:अधीक्षण अभियंता ने परखी हकीकत, ओटीएस योजना से 18.44 करोड़ की वसूली

मिल्कीपुर में बिजली व्यवस्था का औचक निरीक्षण:अधीक्षण अभियंता ने परखी हकीकत, ओटीएस योजना से 18.44 करोड़ की वसूली

अयोध्या के अधीक्षण अभियंता विनय कुमार ने मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों और बिल वसूली कैंप का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपखंड अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के तहत अब तक 18 करोड़ 44 लाख रुपये के बकाया बिजली बिल जमा कराए जा चुके हैं। अधीक्षण अभियंता ने सबसे पहले विद्युत उपकेंद्र कुमारगंज का निरीक्षण किया। विजिलेंस टीम के साथ उन्होंने विद्युत चोरी से जुड़े मामलों सहित अन्य कार्यों की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद अधीक्षण अभियंता ने उपखंड अधिकारी मिल्कीपुर अमित कुमार सिंह के साथ हैरिंग्टनगंज क्षेत्र के पलिया लोहानी ग्राम पंचायत का दौरा किया। यहां तीन मजरों में विद्युतीकरण हो चुका है, लेकिन ग्रामीणों द्वारा अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं लिया गया था। ग्रामीणों ने बजट की कमी को इसका कारण बताया। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद पांच ग्रामीणों ने कनेक्शन के लिए धनराशि जमा की, जबकि अन्य ग्रामीणों ने शीघ्र कनेक्शन लेने का आश्वासन दिया। अधीक्षण अभियंता ने विद्युत उपकेंद्र तुरशमपुर का भी निरीक्षण किया, जहां मिली कमियों पर कर्मचारियों को फटकार लगाई। इसके बाद उन्होंने सिधारी बाजार में लगाए गए विद्युत बिल वसूली कैंप का जायजा लिया। इस दौरान बिल जमा करने आए उपभोक्ताओं से बातचीत कर उन्हें ओटीएस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उपखंड अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मिल्कीपुर डिवीजन में ओटीएस योजना के प्रथम चरण में 15 करोड़ रुपये की वसूली की गई थी, जबकि दूसरे चरण में जनवरी तक 3 करोड़ 44 लाख रुपये के बकाया बिल जमा कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बकायेदार उपभोक्ताओं को लगातार प्रेरित किया जा रहा है और उपभोक्ता भी योजना में सहयोग कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *