महराजगंज पुलिस अधीक्षक ने आज पुलिस कार्यालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न शाखा कक्षों, अभिलेख अनुभाग, नियंत्रण कक्ष और परिसर की समग्र व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, सुरक्षा प्रबंधों और तकनीकी उपकरणों की कार्यशीलता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान, यह पाया गया कि कार्यालय में स्वच्छता को प्राथमिकता दी जा रही है। अनावश्यक और पुरानी फाइलों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है, जबकि उपयोगी अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखा गया है। पुलिस अधीक्षक ने नई फाइलों को व्यवस्थित, श्रेणीबद्ध और सुसज्जित रूप में संधारित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य निष्पादन में पारदर्शिता और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित हो सके। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अभिलेख प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित किया जाए, जिससे किसी भी आवश्यक सूचना या दस्तावेज को शीघ्रता से उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।


