आईपीएल 2026 का आगाज हो चुका है, लेकिन टूर्नामेंट के शुरू होने से ठीक पहले कुछ खिलाड़ियों के अचानक वापस नाम लेने से टीमों का समीकरण बिगड़ गया है। इस लिस्ट में बेन डकेट और हैरी ब्रूक जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल है। दरअसल, बीसीसीआई ने ऐसे खिलाड़ियों के लिए नियम बनाए हैं। जो खिलाड़ी नीलामी में बिकने के बाद अगर टूर्नामेंट से नाम वापस लेता है तो उस पर 2 साल का बैन लगता है। हालांकि, सुनील गावस्कर इससे भी खुश नहीं है। इस पूर्व भारतीय कप्तान ने बीसीसीआई से और सख्त नियम बनाने की अपील की है।
सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे से कहा कि, ये एक मुश्किल मामला है। साफ तौर पर बेन डकेट की एशेज सीरीज बहुत अच्छी रही थी, और अगर उन्हें द हंड्रेड की नीलामी में उतनी बड़ी रकम में नहीं खरीदा गया होता, तो शायद हालात कुछ और होते। ये बात समझी जा सकती है कि द हंड्रेड में अच्छी कीमत पर खऱीदे जाने के बाद वह शायद इस सीरीज को छोड़ने और ये कहने में काफी खुश थे कि वह अपने इंग्लैंड टेस्ट करियर पर ध्यान देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि, लेकिन हां इस बारे में बीसीसीआई को भी सोचना चाहिए कि क्या किया जाना चाहिए, क्योंकि दो साल का बैन साफ तौर पर काम नहीं कर रहा है। आपको कुछ ऐसा करना होगा जिसका असर हो। जब तक इसका खिलाड़ी पर और उसके आईपीएल में वापसी के मौकों पर कोई असर नहीं पड़ेगा, तब तक ये काम नहीं करेगा।
बेन डकेट के आईपीएल 2026 से हटने के फैसले ने खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और लीग के नियमों को लेकर चल रही बहस को फिर से तेज कर दिया है। इंग्लैंड के इस बल्लेबाज को दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपये में साइन किया था लेकिन उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट को प्राथमिकता देने और अपने घर पर समय बिताने के लिए इस सीजन से हटने का फैसला किया। उनका ये फैसला एशेज और टी20 वर्ल्ड कप जैसे बेहद व्यस्त अंतर्राष्ट्रीय शेड्यूल के ठीक बाद आया।


