जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार रात 12 बजे से समर शेड्यूल लागू हो जाएगा जो 24 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस शेड्यूल में गत समर शेड्यूल की तुलना में 7.5 फीसदी उड़ानें ज्यादा संचालित होंगी। दूसरी ओर विंटर शेड्यूल में शामिल जैसलमेर की सीधी फ्लाइट बंद हो जाएगी। उसे एयरलाइंस ने इसमें शामिल नहीं किया है। हालांकि मुंबई, दिल्ली की उड़ानें बढ़ेंगी। जानकारी के अनुसार 2026 के गर्मी शेड्यूल में पिछले साल 2025 की तुलना में एयर कनेक्टिविटी में 7.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार इस बार समर शेड्यूल में बेहतर एयर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। 29 मार्च से 24 अक्टूबर तक लागू इस शेड्यूल में प्रति सप्ताह 750 घरेलू और 74 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन होगा। नए शेड्यूल के तहत जयपुर एयरपोर्ट अब 26 गंतव्यों से जुड़ जाएगा, जिससे राज्य की एयर कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। बढ़ी हुई उड़ानों से यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और यात्रा पहले से ज्यादा सुविधाजनक होगी।
हर दिन 118 उड़ानें होगी संचालित
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इस शेड्यूल में प्रतिदिन 118 एयर ट्रैफिक मूवमेंट्स संचालित होंगे, जो जयपुर को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के व्यापक नेटवर्क से जोड़ेंगे। उनके अनुसार घरेलू उड़ानों का संचालन इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट, एलायंस एयर, स्टार एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा किया जाएगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में एतिहाद एयरवेज, एयर इंडिया एक्सप्रेस, वाइड एयरएशिया, स्पाइसजेट, सलाम एयर और एयर अरेबिया शामिल हैं।
खासतौर पर डिजाइन किया गया शेड्यूल
गर्मी के मौसम में बढ़ती पर्यटक आवाजाही को देखते हुए यह शेड्यूल खासतौर पर फायदेमंद साबित होगा। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि बेहतर कनेक्टिविटी से यात्रा सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बनेगी।
जयपुर एयरपोर्ट से रवाना होंगे हज यात्री
इधर, प्रदेशभर से हज यात्री जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना होंगे, जिसके चलते शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार सरकारी व्यवस्थाएं पूरी तरह से चाक चौबंद नहीं हो रही है। इससे जरूरी दिशानिर्देश ओर बैठकें भी नहीं हो रही है। ऐसे में शहर की हज से जुड़ी खिदमतगार कमेटियां भी आगे आकर यात्रियों की मदद कर रही हैं। राजस्थान हज वेलफेयर सोसायटी के महासचिव हाजी निजामुद्दीन ने बताया कि बीते 60 साल से हाजियों की खिदमत का सिलसिला जारी है। 1965 में सबसे पहले रोजा इफ्तारी से मदद का सिलसिला शुरू हुआ था। एयरपोर्ट से लेकर हज हाउस सहित अन्य जिम्मा अपनी टीम के साथ खुद संभाल रहे हैं।


