दो माह बाद भी गन्ना किसानों को नहीं हुआ भुगतान, किसान परेशान

दो माह बाद भी गन्ना किसानों को नहीं हुआ भुगतान, किसान परेशान

शक्कर कारखाना के मुताबिक 16 फरवरी की स्थिति में मात्र 3.68 करोड़ रुपए का ही भुगतान किसानों को किया गया है। जबकि 755 किसान गन्ना बेच चुके हैं। बेचे गए गन्ने की कुल कीमत लगभग 11 करोड़ 93 लाख रुपए है। वहीं अभी भी लगभग 8 करोड़ रुपए का भुगतान बाकी है।

मात्र 3.68 करोड़ का ही हुआ भुगतान

दंतेश्वरी मईया सहकारी शक्कर कारखाना में गन्ना बेचने वाले किसानों को भुगतान करने के लिए राशि नहीं है। दो महीने से राशि का भुगतान नहीं किया गया है। अब किसान राशि की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच रहे हैं। किसानों का कहना है कि समय पर भुगतान नहीं होगा तो गन्ना की फसल कैसे लेंगे। जिले में दिसंबर से शक्कर कारखाना में गन्ना की पेराई शुरू हुई है। दिसंबर में ही किसानों को भुगतान किया गया। इसके बाद राशि की कमी के कारण भुगतान अटका है। किसानों कब भुगतान किया जाएगा, इसकी जानकारी कारखाना प्रबंधन ने नहीं दी है।

यह भी पढ़ें :

आवास के लिए राशि मिलने के बाद भी हितग्राहियों ने शुरू नहीं किया निर्माण

शक्कर बिकेगी, तब आएगी राशि फिर होगा भुगतान

कारखाना के मुताबिक शक्कर कारखाना में लगभग 36 हजार 500 क्विंटल शक्कर का उत्पादन हुआ है। इसकी कीमत लगभग 10 करोड़ के करीब है। यह शक्कर बिकेगी, तब राशि आएगी। शक्कर का जिले की शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में राशन कार्डधारियों को वितरण किया जाता है। इस बार शक्कर की बिक्री देर से हो रही है। इसलिए राशि की कमी हो रही है।

फैक्ट फाइल

गन्ना खरीदी – 36,251 मीट्रिक टन
गन्ना पेराई – 35,940 मीट्रिक टन
शक्कर उत्पादन – 36,500 क्विंटल
गन्ना खरीदी राशि – 11.93 करोड़
भुगतान राशि – 3.68 करोड़ रुपए
गन्ना बेचने वाले किसान – 755

सिर्फ गन्ना किसानों से हो रहा भेदभाव

गन्ना उत्पादक किसान शुभाष साहू, रोहित साहू, जयंत साहू ने बताया कि धान खरीदी के कुछ दिन बाद किसानों के खाते में राशि आ जाती है, वह भी पूरी। गन्ना किसानों को एक-दो माह बाद भुगतान किया जाता है। उनके लिए भी ऐसी योजना बनाएं कि गन्ना बेचने के कुछ दिन में भुगतान हो जाए।

यह भी पढ़ें :

कुंदरूपारा पानी टंकी : नल से पानी के लिए माह भर और इंतजार

कोई प्रोत्साहन नहीं तो कैसे करें गन्ना उत्पादन

जिले में लगातार गन्ना उत्पादक किसानों की संख्या घट रही है। इससे शक्कर कारखाना में भी खतरा मंडराने लगा है। जिला गन्ना उत्पादक किसान संघ के संरक्षक छगन देशमुख ने कहा कि गन्ना फसल के प्रति किसानों को सुविधाएं प्रदान करने प्रशासन को भी ध्यान देने की जरूरत है। किसानों की उपेक्षा करने पर वे गन्ना की फसल लेने कैसे आगे आएंगे।

जल्द भुगतान किया जाएगा

दंतेश्वरी मईया सहकारी शक्कर कारखाना के जिला अधिकारी राजेंद्र प्रसाद राठिया ने कहा कि जल्द किसानों को बेचे गए गन्ने का भुगतान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *