मुंबई में सोमवार को आयोजित फिल्म सुबेदार के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अनिल कपूर ने शूटिंग अनुभव शेयर किए और साथ ही मजाक में कहा कि उनके घर में कोई भी उनका फैन नहीं है। ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अनिल कपूर ने बताया कि जब वह घर से इवेंट के लिए निकल रहे थे, तो उनकी पत्नी सुनीता कपूर ने उनसे पूछा कि वे कहां जा रहे हैं। जब उन्होंने ट्रेलर लॉन्च की बात कही तो सुनीता ने दोबारा पूछा कि कौन सी फिल्म और कहां इवेंट है। उन्होंने यह भी कहा कि आज भी शूटिंग पर जाने से पहले उन्हें पत्नी से 10 से 15 हजार रुपए पॉकेट मनी लेनी पड़ती है। देखें ट्रेलर लॉन्च इवेंट की तस्वीरे
मेरे सभी फिल्म मेकर्स के साथ अच्छा रिश्ता: अनिल इवेंट के दौरान अनिल कपूर ने यह भी कहा, “मेरे सभी फिल्म मेकर्स के साथ मेरा बहुत अच्छा रिश्ता है। ऐसा कोई डायरेक्टर नहीं है जिसके साथ मैंने काम किया हो और वह मेरा दोस्त न हो। चाहे सुभाष घई हों, एन. चंद्रा हों या विधु विनोद चोपड़ा। वे मुझसे कहते हैं, ‘क्या चल रहा है? चलो, एक फिल्म करते हैं!’ मैंने इंद्र कुमार को फोन किया और मजाक में कहा, ‘क्या इंदु, तुमने धमााल 4 में मुझे नहीं लिया। कोई बात नहीं, क्या अजय देवगन ने मना कर दिया था?’” एक्ट्रेसेस के साथ रिश्तों पर क्या बोले अनिल कपूर ट्रेलर लॉन्च के दौरान अनिल कपूर से पूछा गया कि उनकी पुरानी हीरोइनों के साथ अब कैसा रिश्ता है। इस पर उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया कि आजकल कोई भी हीरोइन उनके साथ काम करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने मजाक में कहा कि सबको अब यंग एक्टर्स के साथ काम करना है। यहां तक कि सीनियर एक्ट्रेसेस भी उनके साथ फिल्म करने को तैयार नहीं हैं। आखिर में उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि आप लोग ही उनकी सिफारिश कर दीजिए।
बता दें कि फिल्म सुबेदार में अनिल कपूर लीड रोल में नजर आएंगे। उनके साथ राधिका मदान, मोना सिंह, सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, फैसल मलिक और खुशबू सुंदर अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 5 मार्च 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है। कहानी गैरकानूनी रेत खनन और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष पर आधारित है। अनिल कपूर फिल्म में रिटायर्ड फौजी सुबेदार अर्जुन मौर्य की भूमिका निभा रहे हैं। इवेंट के दौरान अनिल कपूर ने बताया कि उन्होंने अलग-अलग लोकेशन्स पर इंटेंस सीन शूट किए। फिल्म को अबुंदंतिया एंटरटेनमेंट, ओपनिंग इमेज फिल्म्स और अनिल कपूर फिल्म एंड कम्युनिकेशन नेटवर्क ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में उपलब्ध होगी।
मुंबई में ‘सुबेदार’ ट्रेलर लॉन्च इवेंट:अनिल कपूर बोले- घर में कोई मेरा फैन नहीं, ‘धमाल 4’ से बाहर रहने पर भी कसा तंज


