रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में दो युवतियों का चलती कार से स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शोरा आस्तिक गेट के पास हुई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हरचंदपुर थाना क्षेत्र के शोरा आस्तिक गेट से रायबरेली की ओर जा रही एक कार में दो युवतियां स्टंट कर रही हैं। वे चलती गाड़ी से बाहर निकलकर जोखिम भरे तरीके से करतब दिखा रही हैं। पुलिस द्वारा स्टंटबाजी पर लगातार प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद ऐसे मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। यह घटना सुरक्षा नियमों की अनदेखी और सार्वजनिक सड़क पर जान जोखिम में डालने का एक और उदाहरण है। इस मामले में हरचंदपुर थाना प्रभारी हरिकेश सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं लगा। वहीं, गुल्लूपुर चौकी प्रभारी योगेश पायला ने बताया कि वे इस संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं।


