जिलाधिकारी एवं शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर जालौन में माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में जनपद के सभी राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत भाषण, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक/लघु नाटिका प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में चयनित विद्यार्थियों के लिए शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज उरई में जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, तेज गति से होने वाले हादसों और यातायात नियमों के पालन जैसे विषयों पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। भाषण प्रतियोगिता में अनुष्का कुमकुम ने प्रथम स्थान, पीयूष ने द्वितीय स्थान और आदर्श कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया। इस प्रतियोगिता में सोनम तिवारी ने प्रथम, ममता देवी ने द्वितीय तथा शुभांजलि परिहार ने तृतीय स्थान हासिल किया। नुक्कड़ नाटक एवं लघु नाटिका प्रतियोगिता में छात्रों ने नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस विधा में सुमित, योगेश, हर्षित, दक्ष पटेल एवं विकेश की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिया, साची, सालेहा, श्रुति व राखी की टीम को द्वितीय स्थान मिला, जबकि श्रुति, मेघना, वेबी व दिव्या की टीम तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन प्रवक्ता श्रवण कुमार तिवारी एवं श्रीमती संगीता द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है, जो भविष्य में समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करेंगे।


