भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा, शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, लोहरदगा में हिंदू नववर्ष (वर्ष प्रतिपदा) का उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों के साथ प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य, प्रधानाचार्य बिपिन कुमार दास, आचार्य-दीदी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पारंपरिक एवं प्रेरणादायक ढंग से नववर्ष का स्वागत किया। प्रधानाचार्य बिपिन कुमार दास ने विद्यार्थियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए घरों में रंगोली, दीप प्रज्वलन, मिष्ठान वितरण एवं भगवा ध्वज लगाने का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन के मार्गदर्शन में “नववर्ष मंगलमय हो” के उद्घोष के साथ भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभाव का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थित जनसमूह प्रभावित हुआ। कार्यक्रम का संचालन जया मिश्रा ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय मधुमिता शर्मा ने कराया। हिंदी आचार्य प्रमेंद्र सिंह ने हिंदू नववर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विशेषताओं की जानकारी दी। अंत में मुकेश सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। यह आयोजन न केवल नववर्ष का स्वागत था, बल्कि विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और भारतीय परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रेरणादायक प्रयास भी साबित हुआ।


