अकलेरा. नगर के राजकीय महाविद्यालय में मंगलवार को अव्यवस्थाएं देखने को मिली। इससे विद्यार्थियों में नाराजगी है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं व छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन निर्धारित समय से पहले ही संस्थान बंद कर देता है, जिसके कारण दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
छात्रों ने बताया कि जब वे छात्रवृत्ति फॉर्म, जरूरी दस्तावेज या कक्षाओं के लिए कॉलेज पहुंचे तो मुख्य गेट पर ताला लटका मिला। उनका कहना है कि नियमानुसार कॉलेज शाम तक खुला रहना चाहिए, लेकिन कर्मचारी मनमाने ढंग से समय से पहले ही ताला लगा देते हैं।
ग्रामीण विद्यार्थियों पर ज्यादा असर
आसपास के ग्रामीण इलाकों से बस व अन्य साधनों से आने वाले छात्र जब तक कॉलेज पहुंचते हैं, तब तक कार्यालय बंद हो चुका होता है और उन्हें बिना काम कराए वापस लौटना पड़ता है। इससे उनका समय और किराया दोनों व्यर्थ हो रहा है।
जर्जर भवन से हादसे की आशंका
विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि जिस भवन में महाविद्यालय संचालित हो रहा है, वह जर्जर स्थिति में है और कभी भी हादसा हो सकता है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। एबीवीपी जिला संयोजक रवि मेघवाल व छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज समय व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, भवन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो परिषद उग्र आंदोलन करेगी।
मैं वीसी में था-
मैं मंगलवार को झालावाड़ में वीसी में व्यस्त था। कुछ कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलता, जिससे वे समय से नहीं आते या अनुपस्थित रहते हैं।


