Iran-US War पर संसद में संग्राम, PM Modi की चेतावनी, Petrol Price पर विपक्ष का तीखा वार

Iran-US War पर संसद में संग्राम, PM Modi की चेतावनी, Petrol Price पर विपक्ष का तीखा वार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राज्यसभा में अपने संबोधन में पश्चिम एशिया में चल रहे अमेरिका-ईरान युद्ध से उत्पन्न चुनौतियों के लिए नागरिकों से तैयार रहने का आग्रह किया, और कहा कि ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं और मुद्रास्फीति पर इसका प्रभाव दीर्घकालिक परिणाम दे सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और इसके कारण भारत के सामने आई चुनौतियों पर राज्यसभा में वक्तव्य देते हुए कहा कि तीन सप्ताह से अधिक समय हो चुका है तथा इस युद्ध ने विश्व में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए भी यह स्थिति चिंताजनक है। मोदी ने कहा कि सरकार ने एक अंतर मंत्रालयी समूह बनाया है जो नियमित बैठक कर आयात-निर्यात में आने वाली बाधाओं का आकलन करता है। मोदी ने कहा कि खाड़ी के देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन एवं आजीविका भारत के लिए बहुत बड़ी चिंता का कारण है।
 

इसे भी पढ़ें: पश्चिम एशिया मुद्दे पर मोदी, राजनाथ एक्शन में, All Party Meeting भी बुलाई, राहुल बोले- अब भारत की नहीं मोदी की विदेश नीति है

लोकसभा की कार्यवाही

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि केंद्र सरकार के अनेक उपायों के कारण देश में किसानों की आय केवल दोगुनी ही नहीं, बल्कि तीन गुनी भी हुई है और कई कृषकों की आमदनी तो आठ गुनी तक बढ़ी है। चौहान ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए यह बात कही। 
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने पश्चिम एशिया युद्ध का हवाला देते हुए मंगलवार को लोकसभा में दावा किया कि अगले महीने कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के चलते पेट्रोल-डीजल की कीमतें नियंत्रित रखी जा रही हैं, लेकिन इन चुनावों के खत्म होते ही देश को नई आर्थिक वास्तविकता का सामना करना होगा। 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद नवीन जिंदल ने पश्चिम एशिया में युद्ध के हालात की पृष्ठभूमि में मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पहले भी प्रतिकूल परिस्थितियों में देश को संभाला है और इस बार भी संभालेगी। उन्होंने लोकसभा में वित्त विधेयक, 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ सरकार का नारा नहीं, बल्कि विचारधारा है।
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मंगलवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में सिर्फ ‘सिलेंडर संकट’ नहीं, बल्कि ‘सरेंडर संकट’ भी हैं जहां भारत के फैसले अमेरिका कर रहा है। उन्होंने लोकसभा में वित्त विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए यह आरोप भी लगाया कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
जम्मू कश्मीर के बारामूला संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय सांसद अब्दुल रशीद शेख ने मंगलवार को घोषणा की कि वह अपने एक महीने का वेतन ईरान के उस स्कूल को दान करेंगे जिस पर हमले में 100 से अधिक बच्चियों की मौत हो गई थी। शेख ने लोकसभा में वित्त विधेयक, 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए ईरान और अमेरिका-इजराइल के युद्ध का जिक्र किया और कहा कि सरकार को इस समय ईरान के साथ खड़ा रहना चाहिए।

राज्यसभा की कार्यवाही

केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि देशभर में 18,646 जन औषधि केंद्र संचालित हो रहे हैं, जो लोगों को किफायती दरों पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के उत्तर में नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना की शुरुआत 2008 में संप्रग सरकार ने की थी, लेकिन वर्ष 2014 तक केवल 80 जन औषधि केंद्र ही खोले गए थे। 
परीक्षाओं के दौरान विवाह और अन्य समारोहों में डीजे के लाउड स्पीकर से होने वाले शोर से विद्यार्थियों की पढ़ाई में व्यवधान पर चिंता जताते हुए मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की सुमित्रा बाल्मीक ने राज्यसभा में सरकार से इस संबंध में कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
 

इसे भी पढ़ें: Rahul Gandhi का PM Modi पर बड़ा हमला, बोले- हमारी Foreign Policy एक मजाक बन गई है

राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बीते सप्ताह हुए अग्निकांड का मुद्दा उठाते हुए राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए सिंह ने कहा कि इस अग्निकांड में एक ही परिवार के नौ सदस्य मारे गए। इससे पता चलता है कि आग कितनी भयावह रही होगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *