अयोध्या में जल जीवन मिशन पर सख्ती:टंकियां बनते ही गांवों में जलापूर्ति शुरू करने के निर्देश, शिकायतों पर तत्काल निरीक्षण

अयोध्या में जल जीवन मिशन पर सख्ती:टंकियां बनते ही गांवों में जलापूर्ति शुरू करने के निर्देश, शिकायतों पर तत्काल निरीक्षण

अयोध्या के कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की अहम बैठक में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन की प्रगति पर गहन समीक्षा की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता सपा सांसद अवधेश प्रसाद और अंबेडकर नगर के सपा सांसद लालजी वर्मा ने की। सांसदों ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन गांवों में पानी की टंकियां बन चुकी हैं, वहां बिना देरी जलापूर्ति शुरू कराई जाए। जिन क्षेत्रों में पहले से जलापूर्ति हो रही है लेकिन लोगों की शिकायतें मिल रही हैं, वहां संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें और व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराएं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना में लापरवाही या ढिलाई किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान सांसदों ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें बाधा बनने वाली प्रशासनिक कमियों को तत्काल दूर किया जाना चाहिए। बैठक में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, अयोध्या नगर निगम के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के अंत में सभी विभागों को तय समयसीमा के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का कहना है कि जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाएगी, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *