रामपुर में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनुराग सिंह ने हाल ही में नगर कोतवाली परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें तीनों कोतवाली के प्रभारी, पतंग उड़ाने वाले और मांझा बेचने वाले दुकानदार शामिल हुए। बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि चाइनीज मांझा बेचने या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इसे घातक बताते हुए आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। एएसपी अनुराग सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि चाइनीज मांझा अत्यंत खतरनाक है, जिससे अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है और अनेक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण या उपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई दुकानदार इसे बेचते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी सिंह ने दुकानदारों से अपील की कि वे स्वयं चाइनीज मांझा न बेचें और यदि कोई इसकी मांग करता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पतंग उड़ाने वालों को भी जागरूक करते हुए कहा गया कि वे अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। बैठक में नगर कोतवाली के कोतवाल ओंकार सिंह, सिविल लाइंस कोतवाली के कोतवाल संजीव कुमार और गंज कोतवाली के कोतवाल पवन शर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा, पतंग और मांझा बेचने वाले दुकानदारों तथा पतंगबाजों सहित चार दर्जन से अधिक लोग शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों को निगरानी और कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रामपुर को चाइनीज मांझे से मुक्त करना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।


