शहर से सरहद तक कड़ी निगरानीः सरहद के ग्रामीण इलाकों में ही तैनात रहेंगे 250 से अधिक जवान, रखेंगे पैनी नजर

शहर से सरहद तक कड़ी निगरानीः सरहद के ग्रामीण इलाकों में ही तैनात रहेंगे 250 से अधिक जवान, रखेंगे पैनी नजर

पड़ोसी देशों के साथ मौजूदा हालात और गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। जिला पुलिस ने शहर, ग्रामीण और सरहदी इलाकों में नाकाबंदी, सघन गश्त और दबिश का अभियान शुरू कर दिया है। हर आने-जाने वाले वाहन और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा को सौंपी गई है। इनके नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिनमें सभी सर्कल अधिकारियों का सहयोग रहेगा।

ग्रामीण इलाकों में भी 250 जवानों की ड्यूटी

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस के दौरान शहर क्षेत्र में करीब 400 पुलिस अधिकारी व जवान तैनात किए जाएंगे, जबकि ग्रामीण इलाकों में 250 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। खाजूवाला, छत्तरगढ़ और दंतौर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश संबंधित थानाधिकारियों को दिए गए हैं।

हथियारबंद व अश्व दल की तैनाती

मुख्य समारोह स्थल और उसके आसपास हथियारबंद पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही माउंटेन (अश्व) दल को शहर व ग्रामीण क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में गश्त के लिए लगाया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

होटल-ढाबों व सार्वजनिक स्थलों पर सघन जांच

सुरक्षा के मद्देनजर होटल-ढाबों में ठहरने वालों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, रैन बसेरों और धर्मशालाओं में थाना पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है। चेतक और सिग्मा दस्तों के साथ हाइवे पेट्रोलिंग दल नियमित गश्त कर रहे हैं। बाइक पेट्रोलिंग भी तेज कर दी गई है।

रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में कड़ी निगरानी

गणतंत्र दिवस को लेकर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस भी सतर्क हो गई है। बीकानेर मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। लंबी दूरी की ट्रेनों में डॉग स्क्वॉयड से जांच के साथ ट्रेनों के भीतर भी गश्त की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *