केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) द्वारा आयोजित शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों की भर्ती परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कानपुर नगर, थाना नवाबगंज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी ली निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों व परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा केंद्र के अंदर व बाहर की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की आवाजाही, प्रवेश प्रक्रिया, कानून-व्यवस्था की स्थिति और अनुशासन व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा भी की। परीक्षा को नकल-विहीन वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता पुलिस उपायुक्त श्रीवास्तव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकल-विहीन वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, भीड़-भाड़ को नियंत्रित रखा जाए। प्रवेश व निकास की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से कराई जाए। संदिग्ध व्यक्तियों तथा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की सघन जांच के निर्देश भी दिए गए। शिकायत पर हो तुरंत कार्रवाई उन्होंने पुलिस बल को सतर्क रहने, परीक्षा केंद्र के आसपास निरंतर गश्त करने और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी, बैरिकेडिंग, वॉलिंटियर व्यवस्था व नियंत्रण कक्ष की भी समीक्षा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शहर के अन्य केंद्रों पर भी इसी तरह सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं ताकि भर्ती परीक्षा शांति और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सके।


