बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने 12 वर्षीय बालिका पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना नगर पंचायत बेलहरा के मोहल्ला बखरिया टोला में सुबह हुई, जहां आठ कुत्तों ने बच्ची को घेरकर 100 से ज्यादा जगह काटा। गंभीर हालत में उसे लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल रेफर किया गया। घायल बालिका की पहचान पंकज कुमार की पुत्री ज्योति के रूप में हुई है। ज्योति सुबह घर से दूध लेने निकली थी। गली के बाहर पहले से मौजूद चार-पांच आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची को जमीन पर गिराकर उसके हाथ, पैर और पीठ पर कई बार काटा, जिससे वह खून से लथपथ हो गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों की मदद से कुत्तों को खदेड़ा। परिजन ज्योति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर ले गए। सीएचसी फतेहपुर में प्राथमिक उपचार के बाद, ज्योति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसके पिता पंकज कुमार ने बताया कि एंटी रेबीज की डोज लगाई गई है, लेकिन बच्ची की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है और आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। नगर पंचायत को लिखा लेटर इस संबंध में एसडीएम कार्तिकेय ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर पंचायत को पत्र लिखा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में शैक्षिक और चिकित्सा संस्थानों के आसपास कुत्तों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।


