हैदरगढ़ में आवारा कुत्ते का आतंक:बच्चों-महिलाओं समेत आधा दर्जन को किया घायल, गांव में दहशत का माहौल

हैदरगढ़ में आवारा कुत्ते का आतंक:बच्चों-महिलाओं समेत आधा दर्जन को किया घायल, गांव में दहशत का माहौल

बाराबंकी के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में एक आवारा कुत्ते ने हमला कर बच्चों और महिलाओं सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। लालपुर गांव में एक आवारा कुत्ता अचानक हिंसक हो गया। उसने सबसे पहले रामशरन की छह वर्षीय बेटी सुभी पर हमला किया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। इसके बाद कुत्ते ने अपने मायके लालपुर आई प्रीती पत्नी रामलाल पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने उन्हें भी कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। कुत्ते ने गांव के रवि पुत्र सालिगराम और ब्रह्मनान वार्ड निवासी नाजिक की सात वर्षीय बेटी एनएम फातिमा को भी निशाना बनाया। ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ते ने कुल आधा दर्जन से अधिक लोगों को घायल किया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर राहुल ने बताया कि ओपीडी में रोजाना कुत्ते के काटने के मामले आते हैं, लेकिन एक ही गांव से इतनी बड़ी संख्या में मामले आना चिंताजनक है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रात में ग्रामीणों ने कुत्ते को खोजने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। ग्रामीणों ने नगर पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने या नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *