खानपुर में आवारा श्वान का हमला, पिता ने बच्चे को:सीसीटीवी में कैद हुई घटना, नगरपालिका पर उठे सवाल

खानपुर में आवारा श्वान का हमला, पिता ने बच्चे को:सीसीटीवी में कैद हुई घटना, नगरपालिका पर उठे सवाल

झालावाड़ जिले के खानपुर नगरपालिका क्षेत्र में आवारा श्वानों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। ताजा मामला खानपुर चौराहे के समीप एक गली का है, जहां घर लौट रहे एक बच्चे पर अचानक आवारा श्वान ने हमला कर दिया। बच्चे के पिता की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। यह घटना शनिवार शाम की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित बालक के पिता आरिन ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े 4 बजे श्वान ने उनके बच्चे पर दो से तीन बार झपट्टा मारा। जैसे ही उन्हें घटना का आभास हुआ, वह तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस का परिचय देते हुए श्वान को वहां से भगा दिया। उनकी सतर्कता और बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया। यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें श्वान को आक्रामक होते हुए साफ देखा जा सकता है। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे के पिता आरिफ ने घायल बच्चे को तत्काल खानपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष और भय का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि क्षेत्र में आवारा श्वानों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि खानपुर में शीघ्र ही आवारा श्वानों को पकड़ने का विशेष अभियान चलाया जाए और प्रभावी नियंत्रण उपाय लागू किए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर रूप ले सकती है। फिलहाल, पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से कतरा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *