तमिलनाडु से चोरी बोरिंग मशीन बरामद:चाईबासा पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 5 अपराधी दबोचे, आठ मोबाइल फोन जब्त

तमिलनाडु से चोरी बोरिंग मशीन बरामद:चाईबासा पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 5 अपराधी दबोचे, आठ मोबाइल फोन जब्त

पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने तमिलनाडु के एक व्यवसायी से धोखाधड़ी कर चोरी की गई बोरिंग मशीन को कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया है। इस मामले में मुफ्फसिल थाना पुलिस ने दिल्ली और रांची के रहने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 9 जनवरी 2026 को सामने आई, जब तमिलनाडु के नामाकल निवासी एस. राजशेखर ने मुफ्फसिल थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बोरिंग मशीन को फाइनेंस के नाम पर धोखे से चुरा लिया गया है। बोरिंग मशीन कुन्दुरूगुटू जंगल से बरामद मामले की गंभीरता को देखते हुए, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की गई मशीन को टेबो थाना क्षेत्र के कुन्दुरूगुटू जंगल (NH75) से बरामद किया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो पाया कि मशीन में डीजल खत्म होने के कारण दो आरोपी, तौहिद अंसारी और एहसान अंसारी, वहीं फंसे हुए थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके दो अन्य साथी, तोहिद खान और साहिल एकराम, डीजल लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर डीजल लेकर पहुंचे दोनों साथियों को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। घटना के मुख्य साजिशकर्ता और मशीन के चालक रंजीत कुमार को भी दबोच लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दिल्ली निवासी रंजीत कुमार (वर्तमान पता- खप्परसाई, चाईबासा), रांची के चान्हो निवासी तौहिद अंसारी और एहसान अंसारी, तथा रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र निवासी साहिल एकराम और तौहीद खान शामिल हैं। इन सभी ने अंतरराज्यीय ठगी और चोरी की इस वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई बोरिंग मशीन, अपराध में इस्तेमाल की गई बाइक, एक ड्रम में 28 लीटर डीजल और आठ मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *