गौशाला में छिपा रखी थीं चोरी की बाइक:शिवपुरी की करैरा पुलिस ने 4 बाइक बरामद कर आरोपी को पकड़ा

गौशाला में छिपा रखी थीं चोरी की बाइक:शिवपुरी की करैरा पुलिस ने 4 बाइक बरामद कर आरोपी को पकड़ा

शिवपुरी जिले के करैरा में पुलिस ने चोरी की चार बाइकें बरामद की हैं। इन बाइकों को एक गौशाला के कमरे में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी फरार है। करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि 30 मार्च 2026 को करैरा निवासी अजय कुमार गुप्ता ने अपनी बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी बाइक 29 मार्च को दुकान के बाहर से चोरी हुई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 218/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के अनुसार, एक युवक गणेश मंदिर वीआईपी मार्ग के पास चोरी की बाइक बेचने की फिराक में खड़ा था। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आरोपी को घेराबंदी का पकड़ा पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीतेश उर्फ चीनी माहौर (29) निवासी दीनदयाल नगर करैरा बताया। उसने बाइक चोरी करना स्वीकार किया और उसके कब्जे से एक सीडी डीलक्स बाइक बरामद की गई। आगे की पूछताछ में नीतेश ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी मस्ते रावत निवासी चितावनी डबरा के साथ मिलकर बाइक चोरी की थी। उसने बताया कि चोरी की गई तीन अन्य बाइकें दिहायला गांव स्थित एक गौशाला के कमरे में छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने मौके से शेष तीनों बाइक भी बरामद कर लीं, जिससे कुल चार बाइकें जब्त की गईं। इस मामले में फरार आरोपी मस्ते रावत की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी नीतेश उर्फ चीनी माहौर के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *