कन्नौज में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा स्टेट लेवल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। शहर के बोर्डिंग ग्राउंड पर इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह टूर्नामेंट 20 जनवरी से 3 फरवरी तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन एक मैच खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के पिता स्वर्गीय ओम प्रकाश पाठक की स्मृति में लगातार सातवीं बार आयोजित हो रहा है। टूर्नामेंट कमेटी के संरक्षक संजय सामवेदी और अध्यक्ष पवन त्रिवेदी ने कमेटी के साथ ग्राउंड पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। कमेटी सदस्य आनंद मिश्रा ने बताया कि बोर्डिंग ग्राउंड पर पहला मैच 20 जनवरी को वृंदावन की राका-11 और कन्नौज क्रिकेटर्स टीम के बीच खेला जाएगा। 21 जनवरी को सीजी मैनपुरी और कानपुर क्रिकेटर्स के बीच मुकाबला होगा। टूर्नामेंट में एलडीए लखनऊ, फर्रुखाबाद, शिवा क्रिकेट कानपुर, शिवाय-11 गौरव, मोतीझील क्लब नोएडा, एकता क्लब इटावा, टीएस संजय-11, टीम गाजियाबाद, अलीगढ़, केसीए कानपुर और टीम बनारस सहित कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों में से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली दो टीमों के बीच 3 फरवरी को फाइनल मैच खेला जाएगा। जिन्हें आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इस क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।


