प्रतापगढ़ शहर के गांधी चौराहे पर भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश संयोजक प्रफुल्लाल कटारा सहित अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इस मौके पर भील प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश संयोजक रवि बरजोड़, अनुसूचित क्षेत्र आरक्षण मोर्चा के प्रदेश संयोजक प्रफुल्ल भाई मंसार और भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा के प्रदेश संयोजक किशन भाई वारगी भी उपस्थित थे। आदिवासी समाज को सशक्त बनाने पर दिया जोर स्वागत के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश संयोजक प्रफुल्लाल कटारा ने कहा- देशभर में आदिवासी समाज के विभिन्न संगठन सक्रिय हैं। उन्होंने सभी को वैचारिक रूप से एक मंच पर लाकर एकजुट करने की आवश्यकता पर जोर दिया। संगठन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज में वैचारिक एकीकरण स्थापित करना और उन्हें सशक्त बनाना है। अधिकारों के प्रति जागरूक करना लक्ष्य कटारा ने बताया- समाज के मूलभूत अधिकारों और संवैधानिक प्रावधानों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दिशा में प्रदेश और देशभर में सक्रिय संगठनों से संवाद स्थापित कर उन्हें जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आदिवासी समाज संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके। जिला संयोजक बद्री भगोरा द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इन सभी प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के प्रतापगढ़ में पहली बार आगमन पर गांधी चौराहे पर यह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आदिवासी परिवार के विभिन्न विंग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई थी। सभी वर्गों के लोगों से जुड़ने का आह्वान संयोजक ने कहा- यह पहल सामाजिक और वैचारिक स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस मुहिम में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी को आवश्यक बताया और सभी से आदिवासी एकता व जागरूकता को मजबूत करने के लिए जुड़ने का आह्वान किया।


