MP News: जबलपुर के बेलखेड़ा थाने के प्रभारी शुक्रवार को पूरे दिन कार्यस्थल पर नहीं पहुंचे। इसलिए उनकी गैर हाजिरी दर्ज की। थाने में उनकी आमद नहीं लेने के आदेश दिए। शनिवार को उन्हें एसपी ऑफिस बुलाया गया। वहां सुबह 11 बजे से देर शाम तक बतौर सजा खड़ा रखा गया। एसपी सम्पत उपाध्याय काम में व्यस्त थे और टीआइ उनसे मिल नहीं पाए।
बेलखेड़ा थाना प्रभारी लवकेश उपाध्याय गुरुवार रात थाने से ड्यूटी करके निकले। लेकिन, शुक्रवार सुबह वे थाने नहीं पहुंचे। पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह और शाम को होने वाली गणना दर्ज नहीं कराई। पूरे दिन की लोकेशन भी नहीं दी। यह जानकारी एसपी को लगी, तो उन्होंने गैर हाजिरी दर्ज करने के आदेश दिए। यह भी कहा गया कि थाने में उनकी आमद नहीं ली जाए। शनिवार को थाना प्रभारी को थाने में आमद देने नहीं मिली। रविवार को कार्यालयीन अवकाश के कारण एसपी कार्यालय बंद रहेगा। ऐसे में सोमवार को ही अब टीआइ एसपी से मिल सकते हैं। इसके बाद वे थाने जाएंगें या नहीं, यह तय हो सकेगा।
एसपी ऑफिसर में दिनभर इंतजार कराया
टीआइ लवकेश उपाध्याय को शनिवार को एसपी ऑफिस बुलाया गया। वे सुबह 11 बजे वहां पहुंच गए। उन्हें एसपी के सामने पेश होना था। कारण बताना था कि बिना किसी अफसर को जानकारी दिए बगैर वे पूरे दिन थाने से क्यों गायब थे? लेकिन, एसपी ने उनसे मुलाकात नहीं की। सरकारी काम और वीआइपी विजिट में रवाना हो गए। बतौर सजा टीआइ को पूरे दिन एसपी ऑफिस में खड़ा रखा गया। (MP News)


