T20 World Cup 2026: हारकर भी इतिहास रच गए श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका, इस मामले में रोहित को पछाड़कर बने ‘नंबर-1’

T20 World Cup 2026: हारकर भी इतिहास रच गए श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका, इस मामले में रोहित को पछाड़कर बने ‘नंबर-1’

Dasun Shanaka, Pakistan vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026: पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में भले ही श्रीलंका को 5 रन से करीबी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन कप्तान दासुन शनाका कप्तान के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए।

सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे दासुन शनाका ने 31 गेंदों में 8 छक्कों और 2 चौकों के साथ 76 रन की नाबाद पारी खेली। इसी के साथ दासुन ने बतौर कप्तान टी20 वर्ल्ड कप में 21 छक्के पूरे किए। वह कप्तान के रूप में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में टॉप पर पहुंच गए हैं।

इस मामले में शनाका ने भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पछाड़ दिया है, जिन्होंने 19 छक्के लगाए थे। वहीं, क्रिस गेल और जोस बटलर 17-17 छक्कों के साथ लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। महेंद्र सिंह धोनी 16 छक्कों के साथ चौथे पायदान पर हैं। दासुन शनाका के आठ छक्के किसी श्रीलंकाई बल्लेबाज की ओर से टी20 पारी में लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं, जो 2017 में इंदौर में भारत के खिलाफ कुसल परेरा के 7 छक्कों से ज्यादा हैं।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए। इस टीम को फखर जमान और साहिबजादा फरहान की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाडियों ने 15.5 ओवरों में पहले विकेट के लिए 176 रन जोड़े।

फखर जमान 42 गेंदों में 4 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। हालांकि, दूसरे छोर पर साहिबजादा फरहान टिके रहे, जिन्होंने 5 छक्कों और 9 चौकों के साथ 100 रन की पारी खेली, लेकिन सलामी बल्लेबाजों के अलावा, कोई अन्य खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। श्रीलंका की तरफ से दिलशान मदुशंका ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि दासुन शनाका ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट दुष्मंथा चमीरा ने प्राप्त किया।

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर सिर्फ 207 रन ही बना सकी। इस टीम से पवन रत्नायके ने 37 गेंदों में 58 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान दासुन शनाका ने 31 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए। कप्तान की इस पारी में 8 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। पाकिस्तान की तरफ से अबरार अहमद ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और मोहम्मद नवाज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *