रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर सपा का प्रदर्शन:अमेठी में नेता ने चूल्हे पर खाना बनाकर जताया विरोध

रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर सपा का प्रदर्शन:अमेठी में नेता ने चूल्हे पर खाना बनाकर जताया विरोध

अमेठी में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता जयसिंह प्रताप यादव ने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और किल्लत के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने अमेठी तहसील क्षेत्र के बासूपटी गांव में ग्रामीणों के बीच चूल्हे पर लकड़ी और कंडे से भोजन बनाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अनोखे प्रदर्शन के माध्यम से सपा नेता ने सरकार पर निशाना साधा। जयसिंह प्रताप यादव ने कहा कि भाजपा के ‘अच्छे दिनों’ में सिलेंडर गायब हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतें और उपलब्धता में कमी आम जनता के लिए बड़ी समस्या बन गई है। यादव ने डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) नंबर की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घंटों लाइन में लगने के बाद उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है कि डीएसी नंबर के बिना सिलेंडर नहीं मिलेगा। यदि गैस कंपनियों का सर्वर डाउन है, तो जनता क्या करे, यह सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने पुरानी पासबुक दिखाने के बहाने सिलेंडर न देने को अमानवीय बताया। यादव ने आरोप लगाया कि कालाबाजारी करने वाले लोग मजबूरी का फायदा उठाकर ब्लैक मार्केट में कई गुना अधिक दाम वसूल रहे हैं। सपा नेता ने कहा कि जनता पहले ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए भटकी थी और अब खाने की गैस के सिलेंडर के लिए भटक रही है। उन्होंने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि जनता अब महंगाई से राहत चाहती है और पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार को याद कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *