Vada Pav Girl husband controversy: टीवी की फेमस ‘वड़ा पाव गर्ल’ चंद्रिका दीक्षित और उनके पति युगम गेरा के बीच चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। दोनों ने एक-दूसरे पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के गंभीर आरोप लगाए हैं, जो कि सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहे। इस बीच चंद्रिका दीक्षित की कुछ नई फोटोज और वीडियो सामने आए हैं, जिनके चलते शादी की चर्चा और भी तेज हो गई है।
पारंपरिक पंजाबी दुल्हन के लाल जोड़े में
दरअसल, चंद्रिका ने इंस्टाग्राम पर ऐसी फोटोज शेयर की हैं, जिनमें वे पारंपरिक पंजाबी दुल्हन के लाल जोड़े में नजर आ रही हैं। उनके साथ एक मिस्ट्री मैन भी नजर आ रहे हैं, जो शादी के जोड़े में हैं। चंद्रिका ने इस बारे में सिर्फ एक कैप्शन लिखा है, ‘फाइनली’, जिससे ये संकेत मिल रहा है कि शायद उन्होंने शादी की है या किसी नए रिश्ते की शुरुआत की है। इससे पहले भी उन्होंने मिस्ट्री मैन के साथ रोमांटिक वीडियो शेयर कर ये जताया था कि वे फिर से प्यार में हैं।
इतना ही नहीं, इस फोटो और वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच कई तरह की प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ लोग इसे चंद्रिका का कमबैक करने का तरीका बता रहे हैं, तो कुछ इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दे रहे हैं। कई यूजर्स इस शादी को एक स्क्रिप्ट का हिस्सा मान रहे हैं, जिसका मकसद उनकी लाइमलाइट में वापसी करना है।
तो वहीं, युगम गेरा ने अब तक इस नई स्थिति पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन उनकी तरफ से व्यवसायिक फैसले में कड़ाई दिखी है क्योंकि युगम ने दुकान का एक्सेस चंद्रिका को देने से भी मना कर दिया है। इससे साफ हो रहा है कि दोनों के बीच विवाद अभी भी गंभीर है।
वैवाहिक जीवन में उठ रही समस्याओं के ओर इशारा
इससे पहले चंद्रिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी में एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें लिखा था, ‘स्वीकार करती हूं… एक हद तक सहा करो, उसके बाद स्वाहा करो।’ ये पोस्ट भी उनके वैवाहिक जीवन में उठ रही समस्याओं के ओर इशारा देती है। इसके बाद चर्चा होने लगी थी कि चंद्रिका ने युगम से अलग होने का फैसला कर लिया है, लेकिन दोनों की तरफ से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया कि उनका रिश्ता अभी किस स्थिति में है।
चंद्रिका दीक्षित की नई शादी की तस्वीरों ने विवादों के बीच सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है और देखने वाली बात ये है कि आगे ये मामला किस दिशा में बढ़ता है और युगम की तरफ से कब कोई प्रतिक्रिया आती है। सोशल मीडिया पर बनी हलचल और यूजर्स के सवालों का जवाब वक्त ही देगा।


