मुजफ्फरनगर में फ्लाईओवर से 150 फीट नीचे गिरी तेज रफ्तार कार, 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत – हरिद्वार घूमने जा रहे थे सभी

मुजफ्फरनगर में फ्लाईओवर से 150 फीट नीचे गिरी तेज रफ्तार कार, 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत – हरिद्वार घूमने जा रहे थे सभी

मुजफ्फरनगर में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर से नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दोस्त गुरुग्राम से हरिद्वार घूमने जा रहे थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।

मुजफ्फरनगर जिले में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से करीब 150 फीट नीचे खेत में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार पांच दोस्तों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर स्थित फ्लाईओवर पर दोपहर करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सभी युवक एक क्रेटा कार में सवार होकर गुरुग्राम से हरिद्वार घूमने के लिए निकले थे। रास्ते में कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और कार फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। ऊंचाई से गिरने के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयानक था कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों की हालत गंभीर होने पर मेरठ किया गया रेफर

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।

तीन की मौत दो घायल, परिजनों को दी गई घटना की जानकारी

मृतकों की पहचान गुरुग्राम के रहने वाले सागर, हिमांशु और यश के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवकों में गुरुग्राम के वरुण और मेरठ के खरखौदा के रहने वाले सुशांत शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की गई और पीड़ितों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *