नए साल की शुरुआत के साथ ही रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। 1 जनवरी 2026 से उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल सहित बीना-पलवल सेक्शन पर चलने वाली कई ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में बदलाव किया जा रहा है। साथ ही कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों की यात्रा अवधि घटाने के लिए उनकी स्पीड बढ़ेगी। टाइम-टेबल में बदलाव के तहत भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस (12197) अब ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर 3 मिनट पहले पहुंचेगी। अभी यह ट्रेन रात 11:58 बजे ग्वालियर आती है, जबकि संशोधित समय के बाद यह रात 11:55 बजे पहुंचेगी। इसी तरह वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस (11109) अब झांसी से 5 मिनट पहले रवाना होगी। बीना-पलवल सेक्शन पर 130 किलोमीटर से दौड़ेंगी ट्रेन स्पीड बढ़ाने के फैसले के तहत बीना-पलवल मार्ग पर चलने वाली 5 प्रमुख ट्रेनों के संचालन समय में 10 मिनट की कटौती की गई है। इनमें ट्रेन नंबर 16031 अंडमान एक्सप्रेस, 11449 जबलपुर-श्री वैष्णोदेवी कटरा एक्सप्रेस, 16787 तिरुनेलवेली-श्री माता वैष्णोदेवी कटरा एक्सप्रेस, 16317 हिमसागर एक्सप्रेस और 20493 चंडीगढ़ एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों की गति बढ़ने से यात्रियों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचने का लाभ मिलेगा। रेल प्रशासन के अनुसार, ये ट्रेनें अब इस सेक्शन में करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ रही हैं। इसलिए ट्रेनों की टाइमिंग में बदलाव किया है।


