रामदेवरा के लिए स्पेशल ट्रेन, जवाईबांध स्टेशन का नाम बदला:जोधपुर से 19 अप्रैल को चलेगी नई गाड़ी; टीटीई ने खोया हुआ पर्स सुरक्षित लौटाया

रामदेवरा के लिए स्पेशल ट्रेन, जवाईबांध स्टेशन का नाम बदला:जोधपुर से 19 अप्रैल को चलेगी नई गाड़ी; टीटीई ने खोया हुआ पर्स सुरक्षित लौटाया

उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। एक ओर जहां बाबा रामदेव के दर्शनार्थियों की सुविधा को देखते हुए जोधपुर से रामदेवरा के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, वहीं अजमेर मंडल के जवाई बांध रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘सुमेरपुर जवाई बांध’ कर दिया गया है। इसके साथ ही, जोधपुर मंडल के एक टीटीई ने ड्यूटी के दौरान ट्रेन में छूटा यात्री का पर्स सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी का उदाहरण पेश किया है। 19 अप्रैल को चलेगी जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल ट्रेन गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 19 अप्रैल को जोधपुर-रामदेवरा-भगत की कोठी के बीच एक ट्रिप के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 04867 (जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल) रविवार को सुबह 9:30 बजे जोधपुर से रवाना होकर दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04868 (रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल) उसी दिन दोपहर 2 बजे रामदेवरा से रवाना होकर शाम 5:30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इस गाड़ी में 8 सामान्य श्रेणी के अनारक्षित डिब्बे और 2 एसएलआर कोच सहित कुल 10 डिब्बे होंगे। यह गाड़ी रूट में राईका बाग, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिंवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी स्टेशनों पर ठहरेगी। जवाई बांध अब होगा ‘सुमेरपुर जवाई बांध स्टेशन’ क्षेत्रीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रेलवे ने अजमेर मंडल के जवाई बांध रेलवे स्टेशन का नाम परिवर्तित कर दिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि अब इस स्टेशन को ‘सुमेरपुर जवाई बांध स्टेशन’ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम परिवर्तन से यात्रियों को स्टेशन की पहचान करने में अधिक सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की भौगोलिक पहचान भी स्पष्ट होगी। रेलवे प्रशासन द्वारा जल्द ही इस नए नाम को टिकटिंग सिस्टम और सूचना पट्टों पर लागू कर दिया जाएगा। इस स्टेशन का नया रेलवे कोड एसजेडब्ल्यूबी (SJWB) होगा। टीटीई ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, लौटाया पर्स जोधपुर मंडल में कार्यरत मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) लक्ष्मणराम चौधरी ने ड्यूटी के दौरान ईमानदारी का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ पर्स सुरक्षित लौटाया है। सीनियर डीसीएम यादव ने बताया कि बुधवार को ट्रेन संख्या 14808 में टिकट जांच के दौरान चौधरी को भीनमाल के बाद कोच बी-5 की बर्थ संख्या 3 पर एक लावारिस पर्स मिला। इस पर्स में 2430 रुपए नकद के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस रखे हुए थे। जांच में पता चला कि यह पर्स दादर से मारवाड़ भीनमाल तक यात्रा कर रहे पिंटू सिंह का है। इसके बाद सीटीआई ने पीएनआर के माध्यम से यात्री से संपर्क किया और पर्स को ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही भोमाराम को सुपुर्द कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *