बारां जिले में राजस्थान दिवस के अवसर पर राजस्थान फेस्टिवल कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार शाम को मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन और आरती का आयोजन किया गया। देवस्थान विभाग के सहयोग से हुए इन आयोजनों में जिले की समृद्धि की कामना की गई। जिला मुख्यालय पर डोल मेला मैदान स्थित प्यारेरामजी मंदिर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें विधायक राधेश्याम बैरवा, कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, एसपी अभिषेक अंदासु और एएसपी राजेश चौधरी ने अनंत नारायण भगवान की दीपों से आरती की। आरती से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीगणेश का विधिविधान से पूजन किया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था। इस दौरान सुसज्जित थालियों से सामूहिक महाआरती, मिट्टी के दीपकों से दीपदान, रोशनी और पुष्प सजावट तथा प्रसाद वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर एडीएम भंवरलाल जनागल, सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी, एसडीएम विश्वजीत सिंह, डीएसपी हरिराम सोनी सहित प्रमुख जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व आमजन मौजूद रहे।


