लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने महंगाई और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता एलपीजी सिलेंडर लेकर चौराहे पर पहुंचे और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नाम नरेंद्र, काम सरेंडर जैसे नारे लगाते हुए सरकार पर महंगाई को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए चौराहे पर हलचल का माहौल रहा। सपा नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता का बजट बिगड़ गया है। खासतौर पर रसोई गैस के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी।


