धमतरी में 13 युवाओं का अर्धसैनिक बलों में चयन:एसपी ने की मुलाकात, राष्ट्रसेवा और अनुशासन का संदेश दिया

धमतरी में 13 युवाओं का अर्धसैनिक बलों में चयन:एसपी ने की मुलाकात, राष्ट्रसेवा और अनुशासन का संदेश दिया

छत्तीसगढ़ के धमतरी में अर्धसैनिक बलों में चयनित 13 युवाओं से पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज सिंह परिहार ने मुलाकात की। उन्होंने चयनित जवानों को बधाई दी और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। एसपी ने उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। धमतरी जिले और आसपास के 13 युवाओं का चयन हाल ही में असम राइफल, सशस्त्र सीमा बल (SSB), सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में हुआ है। एसपी सूरज सिंह परिहार ने इस उपलब्धि को धमतरी जिले के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने सभी चयनित जवानों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। एसपी ने युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान पूर्ण अनुशासन, समर्पण और धैर्य बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने नशे और किसी भी बुरी संगत से दूर रहकर शारीरिक व मानसिक रूप से स्वयं को सुदृढ़ रखने पर जोर दिया। एसपी ने कहा- आने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे एसपी ने कहा कि देश की सेवा करते समय संविधान, कानून और मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये युवा अपनी कार्यशैली से अपने माता-पिता, जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि अर्धसैनिक बलों में चयन कठोर परिश्रम, आत्मसंयम और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यही युवा अन्य नवयुवकों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे। चयनित युवाओं में समीर गिरी (असम राइफल, मुजगहन, धमतरी), निरंजन सिंह साहू (एसएसबी, बागतराई, बालोद), शेखर ध्रुव (बीएसएफ, मुजगहन, धमतरी), सोमप्रकाश ध्रुव (बीएसएफ, मुजगहन, धमतरी), हिमांचल माला (बीएसएफ, पुरुर, बालोद), त्रिलोकीनाथ तारम (सीआरपीएफ, भेजा मैदानी, बालोद), उत्तम यादव (सीआरपीएफ, शंकरदाह, धमतरी), डेकेश साहू (सीआरपीएफ, कलारतराई, धमतरी), टिकेश्वर साहू (सीआईएसएफ, कर्माचौक, धमतरी), पंकज बंजारे (सीआईएसएफ, हरफतरई, धमतरी), दीपेश साहू (सीआईएसएफ, शंकरदाह, धमतरी), राहुल साहू (सीआईएसएफ, मुजगहन, धमतरी) और खिलेश कुर्रे (बीएसएफ, कोडेबोड़, धमतरी) शामिल हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *