सपा नेता फिरोज़ खां ने रमज़ान-होली पर बैठक की:माइक-लाउडस्पीकर और मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई

सपा नेता फिरोज़ खां ने रमज़ान-होली पर बैठक की:माइक-लाउडस्पीकर और मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई

समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य फिरोज़ खां ने शनिवार को सम्भल स्थित अपने कार्यालय पर रमज़ान और होली पर्व की तैयारियों को लेकर एक बैठक का आयोजन किया। इसमें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने रमज़ान के पाक महीने में सेहरी और इफ्तार के समय सूचना प्रसारित करने के लिए माइक और लाउडस्पीकर लगाने की मांग की। उनका कहना था कि कई मोहल्लों और गांवों में समय की सही जानकारी न मिल पाने से रोज़ेदारों को असुविधा होती है। इस पर फिरोज़ खां ने जल्द ही जिला प्रशासन से मुलाकात कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
फिरोज़ खां ने कहा कि रमज़ान आपसी भाईचारे, सब्र और इबादत का महीना है। उन्होंने प्रशासन से रोज़ेदारों की सुविधा के लिए सेहरी व इफ्तार के समय माइक और लाउडस्पीकर की अनुमति देने के साथ-साथ साफ-सफाई, नियमित बिजली आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस वर्ष होली और रमज़ान का समय लगभग एक साथ पड़ रहा है, ऐसे में शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। फिरोज़ खाँ ने प्रशासन से दोनों पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और संबंधित विभागों को पहले से अलर्ट रखने का आग्रह किया। बैठक में अकील खाँ, जाहिद खाँ, नासिर, मुस्तकीम, बिलाल, आमिर हुसैन, आरिफ खाँ, सलीम अली, मोनिस कुरैशी सहित अन्य कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने त्योहारों को आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *