मऊ के नवागत पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सभी शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों, लंबित प्रकरणों और पत्रावली के रख-रखाव की स्थिति का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई, समयबद्धता और अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश एसपी ने आईजीआरएस पोर्टल, जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों और अन्य शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों को समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कमलेश बहादुर ने कार्यालय के सभी कर्मचारियों को अपने कार्यों के प्रति उत्तरदायित्व और पारदर्शिता बनाए रखने तथा आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मऊ अनूप कुमार भी मौजूद रहे।


