पीलीभीत में उपनिरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस के आला अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया और सुरक्षा रिहर्सल किया। इस महत्वपूर्ण परीक्षा में कुल 1440 परीक्षार्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या और परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने क्षेत्राधिकारी नगर दीपक चतुर्वेदी और भारी पुलिस बल के साथ गुरुवार को शहर के चिन्हित परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासनिक टीम ने शहर के पीएम श्री ड्रमण्ड इंटर कॉलेज, सिद्दीकी नेशनल इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज और उपाधि महाविद्यालय जैसे प्रमुख केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा। सभी केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जाँची गई है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को अभेद्य बनाया गया है। अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जहाँ सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुँचने में असुविधा न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने विशेष रूट चार्ट तैयार किया है। केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का मुख्य फोकस तकनीकी माध्यमों से होने वाली किसी भी गड़बड़ी को रोकने पर है। रिहर्सल के दौरान पुलिस बल की तैनाती और उनके रिस्पॉन्स टाइम को भी परखा गया।


