बेटे की चाहत, हिंदी बोलना… मां ने 6 साल की बेटी को मार डाला, वजह जानकर दहल उठेगा दिल

बेटे की चाहत, हिंदी बोलना… मां ने 6 साल की बेटी को मार डाला, वजह जानकर दहल उठेगा दिल

नवी मुंबई के कलंबोली (Kalamboli) इलाके से एक बेहद विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 30 वर्षीय महिला को अपनी ही 6 साल की मासूम बेटी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की वजह बेटी का ठीक से मराठी न बोल पाना और महिला की बेटे की चाहत बताई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज

यह खौफनाक वारदात बीते मंगलवार (23 दिसंबर) की है। बीएससी ग्रेजुएट आरोपी महिला ने शुरुआत में पुलिस और परिवार को गुमराह करते हुए दावा किया कि उसकी बेटी की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। कलंबोली पुलिस ने पहले आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मां के झूठ का पर्दाफाश कर दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि उसका गला घोंटा गया था।

इस वजह से मां ने बेटी को मौत के घाट उतारा

पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी मां टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने हत्या के पीछे का चौंकाने वाला कारण बताया आरोपी महिला अपनी बेटी के मराठी न बोल पाने से बेहद नाराज रहती थी। बच्ची अक्सर हिंदी में बात करती थी, जो मां को नागवार गुजरता था। वहीं, महिला को बेटा चाहिए था, जिस वजह से उसने पहले भी बेटी को मारने की कोशिश की थी।

पति बोला- पहले भी की थी हत्या की कोशिश

जांच में पता चला है कि आरोपी महिला साल 2024 से डिप्रेशन का इलाज करा रही है। मृत बच्ची के पिता, पेशे से आईटी इंजीनियर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ने पहले भी बच्ची को मारने की कोशिश की थी। जब बच्ची महज कुछ महीनों की थी, तब भी मां ने उसका गला दबाने का प्रयास किया था, लेकिन वह बच गई।

पुलिस ने आरोपी महिला को हत्या की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस महिला की इस जघन्य अपराध के पीछे के अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। साथ ही उसकी मेडिकल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *