Agra Crime News: आगरा के कमाल खां इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े गोलीबारी हो गई। बदमाशों ने एक महिला पर जानलेवा हमला किया, लेकिन गोली चूक जाने से वह बाल-बाल बच गई। पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें बदमाशों की बेखौफ हरकत साफ दिख रही है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना कैसे हुई?
कमाल खां क्षेत्र में रहने वाली जन्नत का बेटा टाइगर टाइगर कैंट क्षेत्र में ऑटो चलाता है। करीब छह महीने पहले उसके बेटे का एक परिचित नरीपुरा, बारह बीघा निवासी कलुआ से विवाद हो गया था। उस समय जन्नत के बेटे ने बीच-बचाव किया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते कलुआ बदला लेने के लिए अपने भाई राजा, कन्हैया, बेटे अमन और कुछ अन्य लोगों के साथ तैयार होकर पहुंचा। पहले उन्होंने सराय ख्वाजा क्षेत्र में जन्नत के बेटे के परिचितों पर हमला किया।
घर पर हमला और फायरिंग
इसके बाद पूरा गिरोह सीधे जन्नत के घर पहुंच गया। घर के बाहर शोर सुनकर जन्नत बाहर निकलीं। तभी कलुआ ने पिस्टल निकालकर उन पर गोली चला दी। गोली उनके बगल से निकल गई और वह बाल-बाल बच गईं। आरोपी ने इसके बाद दो और गोलियां चलाईं। दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपियों ने जन्नत से पूछा कि उनका बेटा घर पर है या नहीं। जब पता चला कि बेटा घर पर नहीं है, तो उन्होंने धमकी दी कि टाइगर और उसके पति मोइनुद्दीन को बचाकर रखना, वरना जान से मार देंगे।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना?
पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। इलाके के कुछ युवकों ने भी मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बदमाशों की बेखौफी साफ दिख रही है। परिजनों ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कारतूस के खोखे बरामद किए। शाहगंज थाना प्रभारी ने बताया कि जन्नत की तहरीर पर आरोपी कलुआ, राजा, कन्हैया, अमन समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
स्थानीय लोगों के अनुसार कलुआ और उसका परिवार दबंग प्रवृत्ति का है। कलुआ लॉकडाउन के समय जेल जा चुका है और करीब एक साल पहले ही जेल से छूटा है। वह बारह खंभा क्षेत्र में देसी शराब के ठेके के पास कैंटीन चलाता है। जेल से आने के बाद से वह लगातार इलाके में मारपीट और अभद्रता करता रहता है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तलाश तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान आसान हो गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


