बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी में सोमवार को पंचायत के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। मामूली पारिवारिक विवाद को सुलझाने पहुंचे ससुराल वालों पर दामाद अफसर खान उर्फ बौरा ने ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। विवाद सुलझाने के दौरान शुरू हुआ ‘खूनी खेल’
जानकारी के मुताबिक, रहपुरा चौधरी निवासी अफसर खान और उसकी पत्नी साइमा खान (30) के बीच आए दिन विवाद होता था। विवाद के चलते साइमा पिछले 5 दिनों से पास में ही स्थित अपने मायके में रह रही थी। सोमवार को इसी झगड़े को खत्म करने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान आरोपी अफसर खान अचानक उग्र हो गया और उसने पास रखे चाकू से हमला शुरू कर दिया। सास और साले की मौके पर मौत, पत्नी अस्पताल में भर्ती
आरोपी ने अपनी सास आसमा (54) और साले आदिल (20) पर चाकुओं से कई वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई पत्नी साइमा को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उसे गोदकर मरणासन्न कर दिया। साइमा को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। आरोपी के दो छोटे बच्चे भी हैं। फैज 8 साल आयशा 5 साल की बच्ची है। मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, आरोपी के पिता पर भी आरोप
वारदात के बाद एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव और इज्जतनगर इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह फोर्स और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हमलावर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


