यमुनानगर के थाना छपरा क्षेत्र के गांव भंभोल में एक महिला की गर्दन पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 34 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है, जिसकी शादी अंबाला में हुई थी और उसका पति भारतीय सेना में तैनात है। जानकारी के अनुसार, पति के ड्यूटी पर रहने के कारण मोनिका अपने सात वर्षीय बेटे के साथ मायके में अपनी मां के पास रह रही थी। बीती रात करीब साढ़े 11 बजे एक व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तुरंत उसे जगाधरी के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस रात में ही अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया। आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हमलावर की पहचान के लिए जांच जारी है।


