Jaipur Soldierathon 2026: राजधानी में फिटनेस और देशभक्ति के जज्बे को एक साथ समेटने वाला वंडर सीमेंट जयपुर सोल्जराथॉन 2026 का आयोजन रविवार को मिलिट्री स्टेशन में होगा। फिटिस्तानःएक फिट भारत की ओर से मिलिट्री एरिया स्थित गांडीव स्टेडियम में होने वाले इस भव्य आयोजन में हजारों धावक सेना के साथ कदम मिलाकर दौड़ेंगे।
सुबह 5 बजे से शुरू होने वाले इस सोल्जराथॉन में मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह बतौर मुख्य अतिथि व सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, दक्षिण पश्चिम आर्मी कमांड के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ पदम सिंह शेखावत, वंडर सीमेंट के चेयरमैन अशोक पाटनी भी शामिल होंगे।

आयोजन में प्रोफेशनल धावकों के साथ सेना के अफसर, जवान, पूर्व सैनिक, आम नागरिक और बच्चे भी भाग लेंगे। यह आयोजन राजस्थान पत्रिका द्वारा पॉवर्ड है। पत्रिका समूह के संस्थापक कर्पूर चंद्र कुलिश के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में मार्च में विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं, जिनमें यह आयोजन भी शामिल है।
सोल्जराथॉन में यहां से एंट्री
- धावकों और वाहनों की क्वींस रोड स्थित 322 इन्फैंट्री ब्रिगेड यूनिट रन कैंटीन गेट से एंट्री होगी।
- मिलिट्री स्टेशन स्थित गांडीव स्टेडियम में सोल्जराथॉन का आयोजन होगा।
- प्रतिभागियों को तय समय से पहले रिपोर्टिंग करनी होगी।
खास आकर्षण
- कार्यक्रम स्थल पर सेना के बैंड की आकर्षक प्रस्तुति होगी।
- मैराथन मार्ग पर कलारीपयट्टू, मलखंभ, भांगड़ा और गतका जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
- डिफेंस थीम पर पैरा मोटर शो और सैन्य वाहनों की प्रदर्शनी भी।
- मैराथन में दिया जाएगा खेलों को हां, नशे को न का संदेश।
आज रेस एक्सपो में मिलेंगे रेस किट व बीआइबी
वंडर सीमेंट जयपुर सोल्जराथॉन 2026 से पहले शनिवार को मिलिट्री स्टेशन में रेस एक्सपो आयोजित किया जाएगा। मिलिट्री स्टेशन स्थित उत्सव हॉल में प्रात: 9 से शाम 4 बजे तक इस एक्सपो में धावकों को रेस किट, बीआइबी नंबर, टी-शर्ट और बैग आदि दिए जाएंगे। एक्सपो स्थल तक पहुंचने के लिए हल्दीघाटी गेट (जनरल सगत सिंह मार्ग) से प्रवेश दिया जाएगा।
प्रतिभागियों को गेट पर अपना रेस टिकट और अधिकृत पहचान पत्र दिखाना होगा। रक्षा सेवाओं से जुड़े प्रतिभागियों को मिलिट्री आइडी और छात्रों को स्कूल या कॉलेज आइडी साथ लानी होगी। 15 मार्च को रेस डे पर रेस किट या बीआइबी जारी नहीं किए जाएंगे, इसलिए सभी प्रतिभागियों को एक्सपो के दौरान ही अपनी किट प्राप्त करनी होगी। प्रतिभागियों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी उत्सव हॉल परिसर में ही की गई है।
एक्सपो में ये मिलेंगी सुविधाएं
- सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा
- दोस्तों या परिजनों को प्रोत्साहित करने के लिए चीयर बडी टिकट खरीदने की सुविधा


