मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी नगर में भारतीय थल सेना के जवान भंवर जितेंद्र सिंह शक्तावत का भव्य स्वागत किया गया। 17 वर्षों तक देश सेवा करने के बाद रिटायर होकर अपने गृह क्षेत्र लौटने पर ग्रामवासियों और नगरवासियों ने उनके सम्मान में एक विशाल रैली निकाली। स्वागत रैली पिपलिया मंडी रेलवे स्टेशन से शुरू हुई। बैंड-बाजों और देशभक्ति गीतों के साथ सैनिक शक्तावत ने नगर में प्रवेश किया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रैली नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई मुख्य चौराहे पर पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं ने फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का उत्साह साफ दिखाई दिया। रैली के दौरान दयानंद कोचिंग क्लासेस में भी उनका विशेष सम्मान किया गया। विद्यार्थियों और संचालकों ने तिलक लगाकर और पुष्पमालाएं पहनाकर उन्हें सम्मानित किया। छात्रों ने उनके अनुभवों को प्रेरणादायक बताया।
सेना शक्तावत ने देश का मान बढ़ाया भंवर जितेंद्र सिंह शक्तावत ने भारतीय सेना में रहते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उनके साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे वीर सपूतों की वजह से ही देश सुरक्षित है। इस स्वागत समारोह में परिवार, ग्रामीणों और नगरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और यह रैली एक यादगार आयोजन बन गई।


