सवाई माधोपुर के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर दो भाई बहनों को ग़लत जगह पर रील बनाना महंगा पड़ गया। इन दोनों भाई बहनों ने रेलवे ट्रैक पर रील बनाई थी। सोशल मीडिया पर रील सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बनास नदी ब्रिज के रेलवे ट्रैक पर बनाई रील आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार मलारना रेलवे स्टेशन के पास बनास नदी के रेलवे पुल पर पीलवा गांव निवासी भाई-बहन रेलवे ट्रैक पर रील बनाते हुए दिखाई दिए थे, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रेल सुरक्षा बल सवाई माधोपुर ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच कर दोनों भाई बहिन की पहचान की गई। जांच के बाद दोनों भाई-बहन दिलखुश मीणा व संजू मीणा को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई। रेल सुरक्षा बल ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर चलना, ट्रैक पार करना, रेलवे पुलों पर खड़े होकर फोटो या वीडियो बनाना अथवा रेलवे परिसर में किसी भी प्रकार की न्यूसेंस गतिविधि करना कानूनन अपराध है। ऐसी गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि यह व्यक्ति के जीवन के लिए भी अत्यंत खतरनाक साबित हो सकती हैं। रेल सुरक्षा बल, सवाई माधोपुर द्वारा यात्रियों एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। आमजन से अपील की जाती है कि वे रेलवे ट्रैक, पुलों और प्रतिबंधित स्थानों पर जाने से बचें तथा रेलवे नियमों का पालन करें। सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए रेलवे ट्रैक या पुलों पर जाकर रील या वीडियो बनान जानलेवा भी हो सकता है और इसके लिए कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। रेल सुरक्षा बल ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें और किसी भी स्थिति में रेलवे ट्रैक या पुलों पर जाकर वीडियो या रील न बनाएं।


