पंजाब में फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ जैतो ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 166 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निर्मल सिंह उर्फ निम्मा के रूप में हुई है, जो फरीदकोट की बलवीर बस्ती गली नंबर 08 का निवासी है और वर्तमान में डोगर बस्ती गली नंबर 09 में रह रहा था। पुलिस ने मौके से एक आई-20 कार को भी कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर सीआईए जैतो के इंचार्ज चरणजीत सिंह, पुलिस पार्टी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक से रेलवे फाटक की ओर जा रहे थे। जब पुलिस टीम राजा माइनर के पास पहुंची तो सड़क के बायीं ओर एक सफेद रंग की कार संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी। शक के आधार पर कार को रोका गया और चालक निर्मल सिंह उर्फ निम्मा और कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 166 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। रिमांड पर लेकर बैकवर्ड फॉरवर्ड लिंक की जांच करेगी पुलिस- डीएसपी इस मामले में डीएसपी अवतार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट से रिमांड पर लेकर उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की खेप कहां से लाता था और किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की जानी थी।


