रेलवे स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी के डिब्बे से उठा धुआं

रेलवे स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी के डिब्बे से उठा धुआं

फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू।

बैतूल/घोड़ाडोंगरी। मंगलवार को घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी के एक डिब्बे से धुआं उठने की घटना सामने आई। स्टेशन पर तैनात स्टाफ की सतर्कता से समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। बताया गया स्टेशन पर खड़ी कोयले से भरी मालगाड़ी के एक डिब्बे से अचानक धुआं उठता देखा गया। ड्यूटी पर मौजूद रेलवे स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर मालगाड़ी को लूप लाइन में खड़ा किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही घोड़ाडोंगरी नगर परिषद के फायर ब्रिगेड दल को मौके पर बुलाया गया। फायर ब्रिगेड टीम ने पहुंचकर डिब्बे से निकल रहे धुएं पर पानी डालकर स्थिति को नियंत्रित किया। फायरमेन शुभम सिनोटिया ने बताया कि स्टेशन मास्टर द्वारा सूचना दी गई थी कि कोयले की मालगाड़ी में आग लगने की आशंका है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कोयले से निकल रहे धुएं पर काबू पा लिया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ। समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *