कौशांबी में प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही मूरी एक्सप्रेस में अचानक धुआं उठने से हड़कंप मच गया। ब्रेक शू से धुआं निकलता देख लोको पायलट ने ट्रेन को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर रोक दिया। ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने तो खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। ट्रेन रुकने के बाद मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने जांच की। पता चला कि ब्रेक शू से धुआं निकल रहा था। रेलवे कर्मचारियों और तकनीकी टीम ने फायर सेफ्टी मशीन की मदद से आग पर काबू पाया। यह घटना सुबह 10:50 बजे से 11:35 बजे तक हुई, जिससे ट्रेन लगभग 45 मिनट तक कौशांबी के शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। शाहजहांपुर स्टेशन मास्टर प्रकाश चंद्र के अनुसार, इस दौरान कोई अन्य ट्रेन प्रभावित नहीं हुई। ब्रेक शू की मरम्मत के बाद मूरी एक्सप्रेस कानपुर की ओर रवाना हुई।


